०देर रात फ्लैग मार्च और बाइक पेट्रोलिंग, पुलिस का संदेश— बच्चों को पढ़ाओ-लिखाओ, गुंडा न बनाओ
कोरबा,13 जुलाई (आरएनएस)। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। हाल ही में सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पंप हाउस कॉलोनी में हुई मारपीट और गुंडागर्दी की घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिलेभर में अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अड्डेबाजी, गुंडागर्दी और कानून व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।घटना के बाद शनिवार देर रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद डडसेना, थाना सिविल लाइन प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा तथा सीएसईबी सहायता केंद्र प्रभारी उप निरीक्षक राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस और महिला पुलिस की संयुक्त टीम ने व्यापक बाइक पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च और सघन चेकिंग अभियान चलाया।अभियान के दौरान पंप हाउस कॉलोनी, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर, डीडीएम रोड सहित संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त की गई। जिन संकरी गलियों में चारपहिया वाहन नहीं पहुंच सकते थे, वहां भी बाइक पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। देर रात बिना कारण घूम रहे युवकों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन किया गया तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।कोरबा पुलिस ने कहा है कि संवेदनशील इलाकों में बाइक पेट्रोलिंग और फ्लैग मार्च आगे भी लगातार जारी रहेगा। अड्डेबाजी, हुड़दंग, असामाजिक गतिविधियों और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि अपराधियों में कानून का भय और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।अभिभावकों से विशेष अपीलकोरबा पुलिस ने अभिभावकों से अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देने तथा उन्हें अपराध और गुंडागर्दी से दूर रखने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है— बच्चों को पढ़ाओ-लिखाओ, गुंडा न बनाओ।साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि सिी भी संदिग्ध गतिविधि, अराजकता या कानून व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल निकटतम थाना, चौकी या डायल-112 पर दें, ताकि सुरक्षित, शांत और अपराधमुक्त कोरबा के निर्माण में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

