पटना 13 जुलाई (आरएनएस)। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने नामांकन के साथ दाखिल अपने चुनावी हलफनामे में करोड़ों की चल-अचल संपत्ति का ब्योरा दिया है। हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी के पास कुल मिलाकर 111 करोड़ रुपये से अधिक की चल संपत्ति है। वहीं, उनके खिलाफ किसी भी प्रकार का आपराधिक मामला लंबित नहीं है और न ही किसी मामले में उन्हें सजा हुई है। हलफनामे के मुताबिक, प्रशांत किशोर के पास लगभग 22.19 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी के पास 89.51 करोड़ रुपये की चल संपत्ति दर्ज है। इसके अलावा प्रशांत किशोर के नाम रोहतास जिले के शिवसागर स्थित श्रीराम अल्ट्रा मॉडर्न राइस मिल की भूमि है, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 9.75 करोड़ रुपये बताई गई है।
प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी के नाम दिल्ली, गुवाहाटी, पटना समेत विभिन्न स्थानों पर कई आवासीय संपत्तियां भी दर्ज हैं, जिनकी बाजार कीमत करोड़ों रुपये में है। हलफनामे में बैंक जमा, निवेश, शेयर, म्यूचुअल फंड और अन्य वित्तीय परिसंपत्तियों का भी विस्तृत विवरण दिया गया है।
हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर पर विभिन्न बैंकों और वित्तीय संस्थानों का करीब 5.77 करोड़ रुपये का ऋण है, जबकि उनकी पत्नी पर लगभग 55.38 लाख रुपये का ऋण बकाया है।
पेशे के कॉलम में प्रशांत किशोर ने स्वयं को पॉलिटिकल एडवाइजर एवं कंसल्टेंट बताया है। उनकी आय का प्रमुख स्रोत व्यवसाय, पेशा, बैंक ब्याज और डिविडेंड है। वहीं उनकी पत्नी डॉक्टर हैं और वर्तमान में अपोलो इंद्रप्रस्थ अस्पताल, नई दिल्ली में सीनियर एडवाइजर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) के पद पर कार्यरत हैं।
–
–

