*उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार, मचा हुआ है खोहराम
मड़िहान, मीरजापुर,14 जुलाई(आरएनएस)। मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव में सोमवार की देर रात एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया। काम की तलाश में बाहर रह रहे पति के दूसरी महिला के साथ रहने (सौतेली रखने) की सूचना मिलने के बाद पत्नी इस कदर टूट गई कि उसने अपने तीन मासूम बच्चों को जहरीला पदार्थ खिलाने के बाद स्वयं भी जहर निगल लिया। इस दर्दनाक घटना में मां समेत दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार परसौना गांव निवासी कुशुम (35 वर्ष) पत्नी धर्मेंद्र अपने तीन बच्चों के साथ घर पर रहती थी। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र रोजी-रोटी के लिए बाहर रहता है। इसी दौरान पत्नी को यह जानकारी मिली कि पति दूसरी महिला के साथ रह रहा है। इस खबर ने कुशुम को भीतर तक झकझोर दिया। मानसिक तनाव और पारिवारिक कलह से व्यथित होकर सोमवार की देर रात खौफनाक कदम उठा लिया। बताया जाता है कि कुशुम ने पहले अपने तीनों बच्चों राधिका (10 वर्ष), मधु (12 वर्ष) और सत्या (6 वर्ष) को जहरीला पदार्थ खिलाया और फिर स्वयं भी जहर निगल लिया। कुछ देर बाद सभी की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान कुशुम और उसकी एक बेटी की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से बीमार दोनों बच्चों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया। बाद में उपचार के दौरान एक और बच्चे ने दम तोड़ दिया। अब एक बच्ची वाराणसी के अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस दर्दनाक घटना के बाद परसौना गांव में मातम पसरा हुआ है। पड़ोसियों की आंखें नम हैं और हर कोई इस हादसे को लेकर स्तब्ध है। घटना की सूचना मिलते ही मड़िहान पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में पति की भूमिका या किसी प्रकार की प्रताड़ना के साक्ष्य सामने आते हैं, तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

