नई दिल्ली ,15 जुलाई ,। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। डलास में खेले गए इस मुकाबले में स्पेन ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। फ्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एमबापे भी मैच में कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके। इस जीत के साथ स्पेन ने इतिहास में दूसरी बार विश्व कप फाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले टीम 2010 में फाइनल में पहुंची थी और पहली बार विश्व चैंपियन बनी थी। अब खिताबी मुकाबले में स्पेन का सामना डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।
मैच के पहले हाफ में स्पेन ने आक्रामक खेल दिखाया। 22वें मिनट में स्पेन के युवा खिलाड़ी लामिन यमाल गेंद लेकर फ्रांस के पेनल्टी बॉक्स में पहुंचे, जहां फ्रांस के डिफेंडर लुकास डिग्ने ने उन्हें फाउल कर दिया। रेफरी ने स्पेन को पेनल्टी दी, जिसे मिकेल ओयरजाबल ने शानदार तरीके से गोल में बदलते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ तक यही स्कोर कायम रहा।
दूसरे हाफ में भी स्पेन ने अपना दबदबा बनाए रखा। 58वें मिनट में पेड्रो पोरो ने दानी ओल्मो के साथ बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए शानदार गोल दागा और स्पेन की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद फ्रांस वापसी नहीं कर सका और स्पेन ने मुकाबला अपने नाम कर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।
दूसरा सेमीफाइनल डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच भारतीय समयानुसार 16 जुलाई की देर रात 12:30 बजे अटलांटा में खेला जाएगा। इस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में स्पेन से भिड़ेगी।
वहीं, पहले सेमीफाइनल में हारने वाली फ्रांस की टीम अब दूसरे सेमीफाइनल में हारने वाली टीम के खिलाफ 19 जुलाई को तीसरे स्थान के लिए मुकाबला खेलेगी। जबकि फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 20 जुलाई को न्यू जर्सी (न्यूयॉर्क महानगरीय क्षेत्र) में खेला जाएगा।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

