गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 15 जुलाई (आरएनएस)। पेंड्रा नगर में रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मुख्य मार्ग स्थित राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से भरे एक बेकाबू ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार पिता और उनके 14 वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुड़कई गांव निवासी तेरस भरिया (35) अपनी पत्नी और पुत्र राजू भरिया (14) के साथ स्कूटी से पेंड्रा आ रहे थे। राय पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे एक वाहन को ओवरटेक करने के दौरान कोयले से लदा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल-112 की टीम ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तेरस भरिया और उनके पुत्र राजू भरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन सजग ग्रामीणों ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास घेराबंदी कर ट्रेलर को रोक लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और चक्काजाम जैसी स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।
यह हादसा एक बार फिर क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति पर प्रभावी नियंत्रण तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

