नई दिल्ली 15 Jully (Rns) । होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए ईरानी हमले में भारतीय मरीन इंजीनियर हेरंब करमरकर की मौत हो गई। वह साइप्रस के झंडे वाले मर्चेंट जहाज GFX Galaxy पर तैनात थे। जहाज ओमान तट के समीप से गुजर रहा था, तभी उस पर हमला हुआ।
महाराष्ट्र के पुणे निवासी हेरंब करमरकर ने हादसे से कुछ समय पहले अपने परिवार को संदेश भेजकर बताया था कि जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुका है। यही संदेश परिवार के साथ उनकी आखिरी बातचीत साबित हुआ। बुधवार को परिजनों ने उनकी मौत की पुष्टि की।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, जहाज पर कई भारतीय नागरिक सवार थे। इनमें से 10 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक अन्य भारतीय अब भी लापता है। भारतीय दूतावास और संबंधित एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
हेरंब के ससुर ने केंद्र सरकार से उनके पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की अपील की है, ताकि अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया जा सके।
इस घटना पर भारत सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए वाणिज्यिक जहाजों पर हो रहे हमलों की निंदा की है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि वह ओमान प्रशासन, जहाज प्रबंधन और अन्य संबंधित पक्षों के साथ लगातार संपर्क में है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले भी होर्मुज क्षेत्र में दो जहाजों पर हमला हुआ था, जिसमें एक भारतीय नागरिक की जान गई थी। इस घटना के बाद भारत ने ईरान के उप राजदूत को तलब कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया था

