दुर्ग,15 जुलाईं (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। विशेष जांच अभियान के तहत एक दिन में 26 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
माननीय न्यायालय ने सभी दोषी वाहन चालकों पर 12 हजार से 20 हजार रुपये तक का अर्थदंड लगाया। वहीं शराब के नशे में यात्री बस चलाते पाए गए एक बस चालक को आर्थिक दंड के साथ सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक न्यायालय परिसर में उपस्थित रहने की सजा भी सुनाई गई।
यातायात पुलिस के अनुसार जिले में प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजऱ मशीन के माध्यम से दोपहिया, चारपहिया, ऑटो, यात्री बस, स्कूल बस और मालवाहक वाहनों के चालकों की जांच की जा रही है।
इसी अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर जांच की गई, जिसमें 26 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले। इनके वाहन जब्त कर सभी को न्यायालय में पेश किया गया।
यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 के पहले छह माह में अब तक 1,752 मामलों में नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि वर्ष 2025 की समान अवधि में 569 प्रकरणों में कार्रवाई हुई थी। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में तीन गुना से अधिक कार्रवाई की गई है।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने नागरिकों से अपील की है कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। एक जिम्मेदार निर्णय न केवल चालक की बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की भी जान बचा सकता है। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

