आरंग/रायपुर, 15 जुलाई (आरएनएस)। रायपुर-आरंग मार्ग स्थित नेशनल हाईवे-53 पर मंदिर हसौद थाना के सामने गुरुवार को एक भीषण त्रिकोणीय सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर, रायपुर जा रही यात्री बस और पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन डायल-112 के बीच हुई जोरदार टक्कर में तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री या पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, डायल-112 की टीम पलौद मोड़ क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग पूरी कर मंदिर हसौद थाना लौट रही थी। जैसे ही पुलिस वाहन हाईवे से थाने की ओर मुडऩे लगा, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद कंटेनर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी दौरान कंटेनर के पीछे चल रही किरण ट्रेवल्स की यात्री बस (क्रमांक CG 06 HB 9519) भी अनियंत्रित होकर कंटेनर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे। अचानक हुए जोरदार झटके से बस में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना में डायल-112 वाहन का अगला और साइड का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि इंजन को भी भारी नुकसान पहुंचा। वहीं बस का फ्रंट हिस्सा, बंपर और विंडशील्ड टूट गई। कंटेनर के पिछले हिस्से और बॉडी को भी नुकसान पहुंचा है।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसा मंदिर हसौद थाना के ठीक सामने होने के कारण पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे-53 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने सभी यात्रियों एवं वाहन चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे किया गया और यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

