0- 100 एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जे का मामला
धमतरी, 15 जुलाई (आरएनएस)। जिले के नगरी वन परिक्षेत्र में वन विभाग की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। मामला ग्राम मोहम्मला और परसापानी के बीच स्थित वन भूमि का है, जहां करीब 100 एकड़ सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण कर उसे खेती योग्य बनाने की तैयारी की जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को जंगल की भूमि पर अवैध कब्जे की सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची। जैसे ही अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई, बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध करते हुए वन विभाग की टीम का घेराव कर दिया। इससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
स्थिति को बिगड़ता देख वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें आश्वस्त किया कि बिना नियमानुसार नोटिस दिए किसी भी घर को नहीं हटाया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और स्थिति सामान्य हो गई।
वन विभाग ने स्पष्ट किया कि संबंधित भूमि सरकारी वन भूमि है और उस पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग का कहना है कि नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने के बाद भविष्य में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि, इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों और प्रशासन के बीच आगे की रणनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई आगे बढ़ाता है या ग्रामीणों की मांगों को ध्यान में रखते हुए कोई वैकल्पिक समाधान तलाशता है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

