मडि़हान/मीरजापुर 15 जुलाई (आरएनएस)। मडि़हान में गांव-गांव घूमकर जीवन यापन करने वाला एक महावत पर हाथी का कहर उस समय टूट पड़ा जब कुत्तों ने भौंकना शुरू किया। कुत्तों के भौंकने से अचानक बेकाबू हुए हाथी ने अपने ही महावत पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल महावत को आनन-फानन में एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मडि़हान पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के रीवा जनपद स्थित मैहर निवासी संतोष वर्षों से हाथी का महावत है। वह अपने मालिक और हाथी के साथ गांव-गांव घूमकर दान मांगकर परिवार का भरण- पोषण करता है। सावन माह शुरू होने के कारण वह इन दिनों मडि़हान क्षेत्र में डेरा डाले हुए था। बड़ी संख्या में कांवडि़ए मडि़हान मार्ग से सोनभद्र जिले के शिवद्वार स्थित बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए गुजरते हैं, इसलिए संतोष को उम्मीद थी कि इस क्षेत्र में उसे अच्छी आमदनी हो जाएगी। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार घटना बेला जंगल के पास हुई। संतोष हाथी को लेकर रास्ते से गुजर रहा था। तभी अचानक कुछ कुत्ते भौंकते हुए हाथी के आसपास आ गए। इसी दौरान एक कुत्ता हाथी के पैरों के नीचे आ गया। बताया जा रहा है कि हाथी ने उसे लात मार दी, जिससे आसपास के कुत्ते और ज्यादा भौंकने लगे। माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। संतोष ने वर्षों के अनुभव से खतरे को भांप लिया था। वह तुरंत हाथी के पास पहुंचा और उसे शांत करने की कोशिश करने लगा। लेकिन शायद हाथी डर और गुस्से में पूरी तरह बेकाबू हो चुका था। देखते ही देखते उसने अपने ही महावत पर हमला कर दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। हमले में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ मौजूद लोगों ने किसी तरह हाथी को नियंत्रित किया और तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर उसे सीएचसी मडि़हान पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया। बताया जा रहा है कि उसके शरीर पर कई जगह चोटें आई। फिलहाल संतोष का इलाज जारी है। परिवार और साथी महावत एक हादसा बता रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

