क्रासर- मौके पर आवश्यक उपकरण न पाये जाने पर एएनएम का 15 दिन का वेतन काटने व सेवा समाप्ति के दिये निर्देश
क्रासर- गम्भीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए बीपीएम को चेतावनी नोटिस जारी करने के दिये निर्देश
चित्रपरिचय: – निरीक्षण करते जिलाधिकारी। चित्रसंख्या-04
सीतापुर 15 जुलाई (आरएनएस)। जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय दहेलिया श्रीरंग, विकास क्षेत्र खैराबाद में संचालित वीएचएसएनडी सत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध दवाओं, आवश्यक उपकरणों तथा अभिलेखों का गहनता से परीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान संविदा ए0एन0एम0 लक्ष्मी द्वारा अपने कार्यों एवं विभागीय योजनाओं की समुचित जानकारी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। साथ ही वीएचएसएनडी सत्र में उपलब्ध कराए जाने वाले आवश्यक उपकरण भी पूर्ण रूप से उपलब्ध नहीं पाए गए। निरीक्षण के समय अभिलेखों की जांच में भी कई कमियां एवं अपूर्ण प्रविष्टियां सामने आईं, जिससे जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुये ए0एन0एम0 लक्ष्मी का 15 दिवस का वेतन काटने एवं सेवा समाप्ति के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बी0पी0एम0 अनुज तिवारी द्वारा भी अभिलेखों का समुचित रखरखाव सुनिश्चित नहीं कराया जाना पाया गया। अभिलेख अपूर्ण एवं अद्यतन न होने पर जिलाधिकारी ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए बी0पी0एम0 अनुज तिवारी को चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग एवं अभिलेखों का सही संधारण बीपीएम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जिसकी अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि वीएचएसएनडी सत्र शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं में से एक है। जिसके माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों को टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण संबंधी परामर्श एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही सीधे आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है, जिसे किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी वीएचएसएनडी सत्रों में आवश्यक उपकरण, दवाएं एवं सामग्री पूर्ण रूप से उपलब्ध कराई जाए, सभी अभिलेख समय से एवं शुद्ध रूप से अद्यतन रखे जाएं तथा प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन सुनिश्चित करे। इसके पश्चात जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय दहेलिया श्रीरंग, विकास क्षेत्र खैराबाद का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। जिसमें बच्चों की 50 प्रतिशत की उपस्थिति पायी गयी। जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। मिड-डे-मिल के अन्तर्गत बनायी गयी तहरी को परखा। जो सही ढंग से पकी नहीं हुयी थी व खाने की सामग्री गुणवत्ता सही नहीं पायी गयी। जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुये इंचार्ज प्रधानाध्यापक बृजलाल के विरूद्ध अनुशासनिक कार्यवाही करने एवं ग्राम प्रधान के विरूद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

