बिलासपुर, 15 जुलाई (आरएनएस)। तारबाहर थाना पुलिस ने रेलवे कॉलोनी के बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी का प्रयास करने वाले दो अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। मामले में थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत धारा 331(3), 305(क) एवं 62 बीएनएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, रेलवे विभाग के एक कर्मचारी ने 30 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रेलवे कॉलोनी स्थित बंगला नंबर पीवी/10 के अधिकारी का तबादला जबलपुर हो जाने के बाद मकान की देखरेख की जिम्मेदारी उनके पास थी। 29 अप्रैल की सुबह अज्ञात बदमाशों ने बंद बंगले का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया, पूरे घर का सामान खंगाल डाला, लेकिन कोई कीमती सामान नहीं मिलने पर मौके से फरार हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिससे संदिग्धों की पहचान हुई। बाद में पता चला कि दोनों आरोपी एक अन्य चोरी के मामले में दुर्ग जेल में बंद हैं। प्रोडक्शन वारंट पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 32 वर्षीय मोहम्मद नासिर, निवासी मदनपुर खादर, नई दिल्ली तथा 24 वर्षीय हासिम, निवासी शालीमार गार्डन, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ दुर्ग, भिलाई, रायपुर और बिलासपुर के अलावा दिल्ली, मेरठ तथा चंडीगढ़ में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल, पुलिस गिरोह की अन्य वारदातों और संभावित साथियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

