बिलासपुर, 15 जुलाई (आरएनएस)। तोरवा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली है। इसके साथ ही क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दो पुराने निगरानी बदमाशों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया। मोटरसाइकिल चोरी के मामले में अपराध क्रमांक 382/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, तोरवा निवासी हर्ष कुमार वाधवानी ने 13 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई की रात उनके घर के बाहर खड़ी हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG-10-P-8046 अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल के साथ आसपास के क्षेत्रों में साक्ष्य जुटाने का काम प्रारंभ किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला क्षेत्र में दबिश देकर 26 वर्षीय विनोद गोड, पिता सुखीराम गोड, निवासी ग्राम अमोरा, थाना मुलमुला को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी गई करीब 20 हजार रुपये मूल्य की हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इसी अभियान के दौरान पुलिस ने पुराने निगरानी बदमाश 30 वर्षीय शंकर गंगोत्री उर्फ दीपु तथा 24 वर्षीय निलेश सोनकर, दोनों निवासी देवरीखुर्द, थाना तोरवा, के विरुद्ध भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, दोनों आदतन चोरी के आरोपी हैं और क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। उन्हें भी न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। फिलहाल, तोरवा पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

