कवर्धा, 15 जुलाई (आरएनएस) कबीरधाम पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी रवि चंद्रवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी तीन अलग-अलग ऑनलाइन सट्टा प्रकरणों में वांछित था और उस पर क्रिकेट सट्टा खेलने के लिए लिंक एवं यूजर आईडी उपलब्ध कराने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली कवर्धा में ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट सट्टेबाजी से जुड़े अपराध क्रमांक 153/2026, 154/2026 एवं 160/2026 धारा 07 सार्वजनिक जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज हैं। विवेचना के दौरान सामने आया कि ग्राम छॉटा निवासी रवि चंद्रवंशी ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले लोगों को लिंक और यूजर आईडी उपलब्ध कराकर अवैध गतिविधि संचालित करने में अहम भूमिका निभा रहा था। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले में अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टेबाजी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कवर्धा पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 15 जुलाई को पिपरिया क्षेत्र में दबिश देकर रवि चंद्रवंशी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद तीनों मामलों में उसकी संलिप्तता पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल, कबीरधाम पुलिस ऑनलाइन सट्टेबाजी के नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों और उनके संपर्कों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ और ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार और सख्ती के साथ जारी रहेगा।

