मडि़हान/मीरजापुर 15 जुलाई (आरएनएस)। दोस्तों का सिरसी फाल घूमने जाना किसी ने नहीं सोचा था कि जिंदगी की सबसे दर्दनाक याद बन जाएगा। हंसी- ठिठोली, सेल्फी और साथ बैठकर खाना खाने के बीच अचानक एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे परिवार और दोस्तों की दुनिया उजाड़ दी। सिरसी फाल में नहाने के दौरान 16 वर्षीय किशोर फिसलकर लगभग सत्तर फीट गहरे पानी में समा गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पर्यटक स्थल में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार बुधवार 15 जुलाई को आमिर (15 वर्ष) पुत्र मेहताब, कैश (16 वर्ष) पुत्र इलियास अहमद, उजैर (16 वर्ष) पुत्र असीम तथा शिवम (16 वर्ष) पुत्र हरेंद्र, सभी निवासी रामबाग, थाना कोतवाली शहर, मिर्जापुर निवासी मडि़हान क्षेत्र स्थित प्राकृतिक पर्यटन स्थल सिरसी डैम/फाल घूमने आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीन दोस्त फाल के किनारे बैठकर खाना खाने लगे, जबकि उजैर नहाने के लिए पानी में उतर गया। कुछ ही देर बाद वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। दोस्तों ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उजैर का शव पानी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद उसके दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जो दोस्त कुछ देर पहले साथ घूम रहे थे, वही अपने साथी का निर्जीव शरीर देखकर बदहवास हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी सिरसी फाल पहुंच गए। बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां की चीख-पुकार और परिजनों का विलाप देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में सिरसी फाल का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ जाता है। ऐसे में यहां आने वाले पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। थोड़ी सी लापरवाही भी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। एक पल की मस्ती, जिंदगी भर का गम छोड़ गई। चार दोस्तों की सैर में निकला उजैर अब कभी घर नहीं लौटेगा। उसके अधूरे सपने और अपनों की आंखों में छोड़ गए आंसू इस दर्दनाक हादसे की सबसे बड़ी सच्चाई बन गए। परिजनों का रो रो कर हालबेहाल हो गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

