मीरजापुर,15 जुलाई(आरएनएस)। वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालगंज थाना क्षेत्र के नंदनी तुलसी गांव के सामने बुधवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। पुलिस के अनुसार सुशील साकेत 30 वर्ष और संजय चतुर्वेदी 31 वर्ष निवासी मऊगंज (मध्य प्रदेश) तथा रूपाली पत्नी संजू 28 वर्ष निवासी इंदौर (मध्य प्रदेश) एक ही बाइक से वाराणसी में दर्शन-पूजन कर लौट रहे थे। नदनी तुलसी गांव के सामने अचानक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि रूपाली गंभीर रूप से घायल हो गई।राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल रूपाली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले जाया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया।थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि दोनों मृतकों की पहचान सुशील साकेत और संजय चतुर्वेदी के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

