0-प्रति मिनट डेढ़ लाख से अधिक टिकट बुकिंग की क्षमता, सीट चयन, किराया कैलेंडर और बहुभाषी सुविधा का लाभ मिलेगा
नई दिल्ली,15 जुलाई(आरएनएस)। भारतीय रेलवे ने बुधवार को भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की नई वेबसाइट शुरू कर दी। नई वेबसाइट का उद्देश्य यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक तेज, सरल और सुविधाजनक टिकट बुकिंग अनुभव उपलब्ध कराना है। रेलवे के अनुसार नई प्रणाली विशेष रूप से तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान आने वाली तकनीकी परेशानियों को कम करने में मदद करेगी।
रेलवे ने बताया कि नई वेबसाइट अब प्रति मिनट लगभग डेढ़ लाख से अधिक टिकट बुकिंग संभालने में सक्षम होगी, जबकि पहले यह क्षमता लगभग 32 हजार टिकट प्रति मिनट थी। इससे अधिक संख्या में यात्री एक साथ टिकट बुक करा सकेंगे और वेबसाइट पर दबाव कम होगा।
नई वेबसाइट के साथ यात्री आरक्षण प्रणाली को भी पहले से अधिक आधुनिक और तेज बनाया गया है। अब यह प्रणाली प्रति मिनट 40 लाख से अधिक पूछताछ संभाल सकेगी, जबकि पहले इसकी क्षमता लगभग चार लाख पूछताछ प्रति मिनट थी।
इससे यात्रियों को सीट उपलब्धता, यात्री नाम अभिलेख (पीएनआर) की स्थिति, ट्रेन संबंधी जानकारी तथा अन्य आवश्यक विवरण पहले की अपेक्षा अधिक तेजी से प्राप्त होंगे। रेलवे का कहना है कि वेबसाइट के उत्तर देने का समय भी काफी कम होगा, जिससे यात्रियों का समय बचेगा।
नई वेबसाइट में यात्रियों को टिकट बुक करते समय अपनी पसंद की सीट चुनने का विकल्प भी दिया गया है। इसके साथ ही किराया कैलेंडर जोड़ा गया है, जिसकी सहायता से यात्री अलग-अलग तिथियों का किराया पहले से देख सकेंगे और उनकी तुलना कर सकेंगे। इससे यात्रा की योजना बनाना अधिक आसान होगा।
अब यात्रियों को शयनयान, तृतीय वातानुकूलित, द्वितीय वातानुकूलित तथा अन्य सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी। इससे अलग-अलग श्रेणियों की जानकारी देखने में समय की बचत होगी और उपयुक्त विकल्प चुनना आसान हो जाएगा।
नई आईआरसीटीसी वेबसाइट कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराई गई है, जिससे विभिन्न राज्यों के यात्रियों को अपनी भाषा में सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। वेबसाइट पर अनावश्यक पॉप-अप संदेशों और बार-बार आने वाले सत्यापन कोड (कैप्चा) को भी काफी हद तक कम किया गया है।
इसके अलावा दिव्यांगजन, विद्यार्थियों तथा मरीजों से संबंधित विभिन्न सुविधाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया है, जिससे उन्हें अलग-अलग विकल्प तलाशने की आवश्यकता नहीं होगी।
रेलवे का कहना है कि नई वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुकिंग प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल, तेज और विश्वसनीय बनेगी। विशेष रूप से अधिक भीड़ वाले समय में भी यात्रियों को बेहतर डिजिटल अनुभव मिलेगा तथा टिकट बुकिंग, सीट उपलब्धता और अन्य रेल सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित होगी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

