० थाना प्रभारियों को टास्क आधारित पुलिसिंग, संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाने और जनता से सौम्य व्यवहार के दिए निर्देश, उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार पुलिसकर्मी सम्मानित
बलौदाबाजार-भाटापारा, 17 जुलाई (आरएनएस)। जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक गौरव राय (आईपीएस) ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधिकारियों की पहली समीक्षा बैठक ली। पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों और संवेदनशील क्षेत्रों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में एसपी गौरव राय ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को प्रतिदिन सुबह से शाम तक की स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर टास्क आधारित पुलिसिंग करने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि थानों में आने वाले प्रत्येक नागरिक और पीडि़त के साथ पुलिस का व्यवहार संयमित, सम्मानजनक और मददगार होना चाहिए, जिससे आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो। उन्होंने भीड़भाड़ वाले बाजारों, व्यापारिक क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पैदल एवं वाहन पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी लगातार दिखाई देनी चाहिए।
उन्होंने अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर समन्वय के साथ टीमवर्क की भावना से कार्य करने की हिदायत दी।
बैठक के दूसरे चरण में एसपी गौरव राय ने जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में थाना प्रभारी भाटापारा ग्रामीण निरीक्षक हेमंत पटेल, थाना प्रभारी राजादेवरी उप निरीक्षक कुरैशी, पुलिस सहायता केंद्र निपनिया के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक नवीन शुक्ला तथा पुलिस सहायता केंद्र लिमतरा के प्रधान आरक्षक प्रवीण पांडे शामिल हैं।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, हेमसागर सिदार, एसडीओपी भाटापारा तारेश साहू, उप पुलिस अधीक्षक कौशल किशोर वासनिक, संजय साहू, उषा सोंधिया, जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक तथा पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

