० …छत्तीसगढ़ विधानसभा: राशन दुकानों में मसाला बिक्री के आरोपों से मचा बवाल
रायपुर, 17 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन प्रश्नकाल के दौरान राशन दुकानों में मसाला बिक्री के आरोपों को लेकर सदन में तीखी बहस देखने को मिली। भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने सरकार पर राशन दुकानों से जुड़ी जानकारी छिपाने और महिला स्व-सहायता समूहों पर दबाव बनाकर मसालों की बिक्री कराने का आरोप लगाया।
विधायक सुशांत शुक्ला ने राशन दुकानों के बचत स्टॉक के सत्यापन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार केवल अप्रैल 2025 तक की जानकारी दे रही है, जबकि पूरी जानकारी सदन के सामने नहीं रखी जा रही। उन्होंने पूछा कि उचित मूल्य दुकानों में कौन-कौन सी सामग्री वितरित की जाती है और उसके रखरखाव एवं निरीक्षण की जिम्मेदारी किसकी है।
खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने जवाब में कहा कि विभाग द्वारा नियमित रूप से राशन दुकानों का निरीक्षण कराया जाता है। अधिकारियों की टीम हर 15 दिन में भौतिक सत्यापन करती है और जहां भी शिकायतें मिली हैं, वहां कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने बताया कि राशन दुकानों में चावल और शक्कर वितरित किए जाते हैं, जबकि बस्तर क्षेत्र में चना भी दिया जाता है।
इसके बाद विधायक शुक्ला ने सवाल किया कि क्या सरकार ने राशन दुकानों में मसालों की बिक्री की कोई व्यवस्था की है? मंत्री ने इससे इंकार किया। इस पर विधायक ने आरोप लगाया कि महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं पर दबाव बनाकर मसालों की बिक्री कराई जा रही है और सरकार इस जानकारी को छिपा रही है। उन्होंने कहा कि उनके पास इससे संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं और सरकार जांच की घोषणा करे।
इस पर मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि यदि विधायक दस्तावेज उपलब्ध कराते हैं तो मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। इसके बाद यह मुद्दा सदन में चर्चा का विषय बन गया।
त्रिपाठी
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

