० डीआरजी और बीडीएस की संयुक्त सर्चिंग टीम को मिली सफलता, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान लगातार जारी
कांकेर, 17 जुलाई (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के थाना कांकेर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मर्रापी के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्चिंग अभियान के दौरान एक प्रेशर कुकर आईईडी (ढ्ढश्वष्ठ) बरामद किया। करीब तीन किलोग्राम वजनी इस विस्फोटक को मौके पर ही बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) की टीम ने सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा (आईपीएस) के निर्देशन तथा कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के मार्गदर्शन में जिले के नक्सल प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को डीआरजी और बीडीएस की संयुक्त टीम ग्राम मर्रापी के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग पर निकली थी।
सर्चिंग के दौरान टीम को एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद हुआ। इसके बाद बीडीएस टीम ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही विस्फोटक को निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया, जिससे संभावित बड़ी घटना टल गई।
इस अभियान में डीआरजी टीम का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक शैलेन्द्र भास्कर तथा बीडीएस टीम का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक गोवर्धन कोर्राम ने किया।
कांकेर पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त सुरक्षा अभियान लगातार जारी रहेगा। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सुरक्षा बल नियमित रूप से सघन सर्चिंग अभियान चला रहे हैं।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

