० महतारी वंदन योजना पर सदन में घमासान, लाखों महिलाओं का मुद्दा उठा, विपक्ष ने किया वॉकआउट
रायपुर, 17 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में शुक्रवार को महतारी वंदन योजना को लेकर सदन में तीखी बहस देखने को मिली। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने पहली किस्त के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम योजना से हटाए जाने और कई हितग्राहियों को अब तक लाभ नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।
प्रश्नकाल के दौरान उमेश पटेल ने सरकार से पूछा कि पहली किस्त मिलने के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं के नाम योजना से क्यों काटे गए। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि अपात्र घोषित किए जाने के बावजूद करीब एक लाख महिलाओं को योजना का लाभ क्यों नहीं मिल रहा और बंद पोर्टल दोबारा कब खोला जाएगा।
जवाब में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि 1 लाख 55 हजार 655 हितग्राहियों की ई-केवाईसी पूरी नहीं होने के कारण भुगतान लंबित है। इसके अलावा मृत, आयकरदाता, शासकीय सेवकों के परिवारों सहित निर्धारित मानदंडों के अनुसार अपात्र पाए गए हितग्राहियों के नाम भी सूची से हटाए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि लगभग एक लाख महिलाओं की राशि केवल ई-केवाईसी पूरी नहीं होने के कारण रुकी हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि विष्णु का सुशासन है, जल्द ही पोर्टल खोला जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि सरकार ने बेहद कम समय में आवेदन प्रक्रिया पूरी कर केवल दो माह के भीतर इस महत्वाकांक्षी योजना को लागू किया था।
हालांकि मंत्री के जवाब से विपक्ष संतुष्ट नहीं हुआ। कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर हितग्राहियों के साथ अन्याय का आरोप लगाते हुए सदन में नारेबाजी की और विरोधस्वरूप वॉकआउट कर दिया।
त्रिपाठी
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

