कोरबा, 17 जुलाई (आरएनएस)। एसईसीएल की गेवरा परियोजना में SILO और CHP निर्माण कार्य कर रही बंसल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के करीब 150 ठेका श्रमिकों ने वेतन भुगतान नहीं होने के विरोध में गुरुवार को श्रमिक चौक पर प्रदर्शन किया। श्रमिकों के काम पर नहीं जाने से परियोजना का निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है।
प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने बताया कि करीब दो माह पहले भी वेतन भुगतान में देरी को लेकर उन्होंने सीजीएम कार्यालय का घेराव किया था। उस दौरान एसईसीएल के एरिया पर्सनल मैनेजर, बंसल कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच यह सहमति बनी थी कि प्रत्येक माह 7 से 10 तारीख के बीच अनिवार्य रूप से वेतन का भुगतान किया जाएगा। इसके बावजूद इस माह भी कंपनी ने तय समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं किया।
श्रमिकों का आरोप है कि 10 जुलाई को प्रबंधन से संपर्क करने पर सोमवार से बुधवार के बीच वेतन जारी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी उनके खातों में राशि नहीं पहुंची। दोबारा पूछताछ करने पर अधिकारियों ने कथित तौर पर कहा कि जब पेमेंट आएगा, तब काम पर आना।
इस जवाब से नाराज श्रमिकों का आक्रोश फूट पड़ा और सभी श्रमिक काम छोड़कर श्रमिक चौक पहुंच गए, जहां उन्होंने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। इससे गेवरा परियोजना के SILO और CHP निर्माण कार्य पर सीधा असर पड़ा है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

