जगदलपुर, 17 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आयोजित ऐतिहासिक गोंचा महापर्व के दौरान गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया। रथयात्रा के दौरान रथ खींचते समय एक बुजुर्ग महिला अचानक रथ के पहिए की चपेट में आ गई, जिससे उसकी हथेली में फ्रैक्चर हो गया। घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना गोलबाजार के पास उस समय हुई जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथयात्रा में शामिल थे। इसी दौरान महिला का हाथ रथ के पहिए के नीचे आ गया और पहिया उसकी हथेली के ऊपर से गुजर गया। हादसा होते ही मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और रथ खींच रहे लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रथ को तुरंत रोक दिया।
घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच में उसकी हथेली में फ्रैक्चर की पुष्टि की। राहत की बात यह रही कि पहिया केवल हथेली के ऊपर से गुजरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया और महिला की जान सुरक्षित रही।
घटना के बाद कुछ समय के लिए रथयात्रा स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, स्थिति सामान्य होने के बाद गोंचा महापर्व की रथयात्रा पुन: शुरू कर दी गई। चिकित्सकों के अनुसार महिला का इलाज जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

