अभनपुर, 17 जुलाई (आरएनएस)। रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम सोनसिल्ली स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के जर्जर भवन को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, पालकों और स्कूली छात्र-छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर नए भवन की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

लगातार हो रही बारिश के बीच सुबह से ही ग्रामीण हाथों में तख्तियां लेकर नया स्कूल भवन दो के नारे लगाते रहे। इस दौरान स्कूल के शिक्षक कुछ दूरी पर खड़े होकर पूरी स्थिति के मूकदर्शक बने रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय एक ही परिसर में दो पालियों में संचालित होते हैं। दोनों भवन अत्यंत जर्जर हो चुके हैं और कभी भी गिर सकते हैं। लगातार बारिश से भवन की हालत और अधिक खराब हो गई है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जर्जर भवन की जानकारी कई बार शासन-प्रशासन को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पालकों ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई के साथ उनकी सुरक्षा भी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसी कारण मजबूर होकर उन्हें स्कूल में ताला लगाकर आंदोलन करना पड़ा।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक सुरक्षित स्कूल भवन की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक स्कूल का ताला नहीं खोला जाएगा।
इस मामले में अभनपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी धरमचंद जैन ने बताया कि वे ग्रामीणों से मुलाकात कर लौटे हैं और आज ही जर्जर भवन को ध्वस्त (डिस्मेंटल) करने के लिए आदेश जारी कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही नए स्कूल भवन की स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
वहीं अभनपुर एसडीएम रवि सिंह ने कहा कि इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) से चर्चा हो चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नए स्कूल भवन के निर्माण के लिए शीघ्र आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
0

