0 प्रभावी पुलिसिंग के लिए दिए अहम निर्देश
धमतरी, 18 जुलाई (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से थाना मगरलोड और चौकी करेली बड़ी का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली, आधारभूत सुविधाओं, तकनीकी संसाधनों और पुलिसिंग की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना और चौकी परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण, मालखाना, बैरक, आगंतुक कक्ष, शस्त्रागार तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी रिकॉर्ड अद्यतन रखने और कार्यालयीन व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
सीसीटीएनएस और डिजिटल पुलिसिंग पर जोर
एसपी भावना पांडेय ने थाना एवं चौकी में स्थापित सीसीटीएनएस, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट नेटवर्क और अन्य तकनीकी संसाधनों की कार्यशीलता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सीसीटीएनएस में समयबद्ध और त्रुटिरहित डेटा प्रविष्टि, अभिलेखों के नियमित अद्यतन तथा तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए, ताकि डिजिटल पुलिसिंग को और मजबूत बनाया जा सके।
बेसिक और विजुअल पुलिसिंग को करें मजबूत
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, नियमित गश्त, बीट प्रणाली को सक्रिय रखना, फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी, अपराधियों पर सतत निगरानी तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
एसपी ने विजुअल पुलिसिंग पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि बाजार, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और असामाजिक तत्वों में कानून का भय बना रहे।
शासकीय आवासों का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना मगरलोड और चौकी करेली बड़ी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शासकीय आवासों का भी जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, रखरखाव और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जवाबदेही और अनुशासन पर दिया जोर
एसपी भावना पांडेय ने अधिकारियों और कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उन्हें अनुशासन, समयबद्ध कार्य निष्पादन, संवेदनशील व्यवहार, पारदर्शिता, जनसुनवाई में तत्परता और टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ आधारभूत व्यवस्थाएं, तकनीकी दक्षता, बेसिक पुलिसिंग और अनुशासित कार्यप्रणाली ही प्रभावी एवं भरोसेमंद पुलिसिंग की पहचान है।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, थाना प्रभारी मगरलोड निरीक्षक प्रमोद अमलतास, चौकी प्रभारी करेली बड़ी राधेश्याम बंजारे सहित थाना एवं चौकी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

