नारायणपुर, 18 जुलाई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को कोहकामेटा थाना क्षेत्र के कदेर गांव के जंगल में बीएसएफ की 133वीं वाहिनी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया हथियारों और अन्य सामग्रियों का बड़ा जखीरा बरामद किया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जंगल में नक्सलियों ने हथियार, विस्फोटक और अन्य सामान छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। सर्चिंग के दौरान संदिग्ध स्थान की खुदाई करने पर जमीन के नीचे छिपा नक्सली डंप मिला, जिसमें हथियार, गोला-बारूद, संचार उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक डेटा स्टोरेज डिवाइस बरामद किए गए।
बरामद सामान में .303 रायफल, .315 रायफल, 12 बोर बंदूक, 2 बीजीएल लॉन्चर, 44 बीजीएल शेल, बड़ी मात्रा में कारतूस, मैगजीन, सैन्य उपकरण, नक्सली वर्दी, साहित्य, जीपीएस, आरएफ डिटेक्टर, एंटीना, मेडिकल सामग्री, पेन ड्राइव और बड़ी संख्या में मेमोरी कार्ड शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद 44 बीजीएल शेल को बम निरोधक दस्ता (क्चष्ठस्) ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया। पूरे इलाके को सैनिटाइज करने के बाद संयुक्त टीम सुरक्षित अपने कैंप लौट आई।
नारायणपुर पुलिस का कहना है कि जिले में नक्सलवाद के कमजोर पडऩे के बावजूद सुरक्षा बल लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। ऐसे अभियानों के माध्यम से नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य संसाधनों को लगातार बरामद किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो रही है।
त्रिपाठी
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

