वाराणसी,19 जुलाई(आरएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने जन्मदिन पर दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी में हैं. यह उनका धार्मिक दौरा है, जहां उन्होंने वाराणसी पहुंचकर सबसे पहले मां विंध्यवासिनी के दरबार में हाजिरी लगाई और उसके बाद गंगा आरती में शामिल हुईं. दूसरे दिन उन्होंने बाबा काल भैरव का आशीर्वाद लेने के साथ बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेका. इस मौके पर वे बनारसी रंग में रंगी नजर आईं, उन्होंने काशी की प्रसिद्ध चाय के साथ मक्खन टोस्ट का भी आनंद लिया.
बता दें कि, अपने जन्मदिन के मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सपरिवार वाराणसी आईं हैं, जहां आज वह सबसे पहले बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचीं. रास्ते में पार्टी कार्यकर्ताओं के जरिए उनका स्वागत किया गया. उसके बाद काल भैरव में उन्होंने विशेष दर्शन पूजन किया. बाबा कोतवाल का आशीर्वाद लेकर वह बाबा विश्वनाथ के दरबार की ओर रवाना हुईं, जहां उन्होंने हाजिरी लगाई. इस मौके पर उन्होंने विशेष पूजा अर्चना की और कॉरिडोर का भ्रमण किया.
सीएम ने कहा कि,अपने जन्मदिन के मौके पर वह प्रभु का आशीर्वाद लेने यहां आई हैं. उनका यह दौरा पूरी तरह से धार्मिक है. यहां आकर उन्हें बेहद सुकून मिल रहा है. उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ से हमने समस्त दिल्लीवासियों और देशवासियों के लिए आशीर्वाद की कामना की हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए कामना की कि उनके मार्गदर्शन में देश आगे बढ़ता रहे. दिल्ली विकास के नए आयाम छुए. रेखा गुप्ता ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वाराणसी के नागरिकों से मिले अपार स्नेह, प्यार और आत्मीय स्वागत के लिए दिल से धन्यवाद दिया.
बताते चलें कि बाबा विश्वनाथ में दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने वाराणसी के अत्यंत प्रसिद्ध लक्ष्मी चाय भंडार पर रुककर वहां की स्पेशल चाय का आनंद लिया और दुकान के संचालक के प्रति विशेष रूप से आभार ज्ञापित किया. इसके पहले बीते दिन वह मां विंध्यवासिनी के दरबार गईं थीं और उसके बाद देर शाम नमो घाट पहुंचकर नाव के जरिए बनारस के घाटों का दीदार किया. उसके बाद काशी के दशाश्वमेध पर होने वाली विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में भी सहभागिता दर्ज कराई और मां गंगा का पूजन कर आशीर्वाद लिया था.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

