0-40 राजनीतिक दलों के 58 नेताओं ने लिया हिस्सा, 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा संसद का मानसून सत्र
नई दिल्ली,19 जुलाई(आरएनएस)। संसद के आगामी मानसून सत्र को सुचारु और सार्थक ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से रविवार को संसद भवन परिसर में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ आगामी मानसून सत्र से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मंत्रियों सहित 40 राजनीतिक दलों के कुल 58 नेताओं ने भाग लिया।
बैठक का आयोजन संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने किया। इस अवसर पर राज्यसभा के सदन के नेता एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल तथा संसदीय कार्य एवं सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन भी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी नेताओं का स्वागत करते हुए संसद की गरिमा बनाए रखने और लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप रचनात्मक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक का संचालन करते हुए आगामी मानसून सत्र की रूपरेखा से सभी नेताओं को अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई 2026, सोमवार से प्रारंभ होगा और सरकारी कार्यों की आवश्यकता के अनुसार 13 अगस्त 2026, गुरुवार तक चलेगा। 25 दिनों की अवधि वाले इस सत्र में कुल 19 बैठकें प्रस्तावित हैं।
किरेन रिजिजू ने बताया कि आगामी मानसून सत्र की विधायी कार्यसूची संसद के दोनों सचिवालयों द्वारा 16 जुलाई को बुलेटिन भाग-2 में पहले ही प्रकाशित की जा चुकी है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से संसद की कार्यवाही को सुचारु रूप से संचालित करने में सहयोग देने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार संसद के दोनों सदनों की प्रक्रियाओं के अनुरूप किसी भी महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।
बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने आगामी मानसून सत्र में उठाए जाने वाले जनहित और राष्ट्रीय महत्व के विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे। नेताओं ने संसद की कार्यवाही को प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहयोग का आश्वासन भी दिया।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक में उठाए गए सभी सुझावों और मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिलाया तथा सभी नेताओं को सक्रिय भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया।
बैठक के समापन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की उपस्थिति, सकारात्मक सुझावों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी मानसून सत्र में सभी दल जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा कर संसद की कार्यवाही को सफल बनाएंगे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

