हत्थे चढ़े आरोपी अरमान की सीसीटीवी ने खोली पोल
कोलकाता 22 जुलाई (आरएनएस)। महानगर कोलकाता में महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक के बाद एक दुष्कर्म और अपहरण जैसी घटनाओं के बीच कोलकाता के जोड़ाबागान थाना क्षेत्र से एक और नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला सामने आया है। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही एक्शन मोड में आई कोलकाता पुलिस ने हावड़ा पुलिस के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर नाबालिग को सकुशल ढूंढ निकाला और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस और पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, घटना मंगलवार की शाम को घटी। जोड़ाबागान इलाके से अचानक एक नाबालिग लड़की गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों का मानना है कि गलती से या सोची-समझी साजिश के तहत उनकी बेटी को निशाना बनाया गया है। परिवार ने तुरंत थाना पहुंचकर रात करीब 8 बजे लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अपहरण और आपराधिक साजिश जैसी कई गंभीर व गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने तुरंत विशेष टीम का गठन किया और इलाके के तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान ही आरोपी का सुराग हावड़ा जिले के डोमजूर इलाके में मिला। इसके तुरंत बाद कोलकाता पुलिस ने हावड़ा पुलिस से संपर्क साधा और संयुक्त ऑपरेशन चलाते हुए डोमजूर स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने से आरोपी को घेरकर धर दबोचा। आरोपी की पहचान अरमान मलिक के रूप में हुई है, जो कोलकाता के बेनियापुकुर इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस ने अपहरण के महज दो घंटे के भीतर ही नाबालिग लड़की को डोमजूर थाना क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आवश्यक कानूनी और चिकित्सीय औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद बच्ची को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि इस वारदात के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो काम नहीं कर रहा है या इसमें कोई और व्यक्ति भी शामिल था।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

