0 कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संबित मिश्रा को बीएलओ ने गणना पत्रक प्रदाय किया
0 कलेक्टर ने सभी मतदाताओं से अपील कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने की अपील की
बीजापुर, 08 नवंबर (आरएनएस)। विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के तहत बीजापुर विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 165 बीजापुर-4 में बीएलओ द्वारा आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संबित मिश्रा को गणना पत्रक प्रदाय किया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण कार्य 4 नवम्बर 2025 से प्रारंभ हो चुका है, जो 4 दिसम्बर 2025 तक जारी रहेगा। इस अवधि में बीएलओ घर-घर जाकर वर्ष 2025 की मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं को पूर्व मुद्रित गणना पत्रक की दो प्रतियाँ प्रदान कर रहे हैं। इन गणना पत्रकों में मतदाताओं का मतदान केंद्र क्रमांक, सरल क्रमांक एवं अन्य विवरण पहले से अंकित हैं। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, गणना पत्रक के साथ मतदाताओं से दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ और आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा रही है। बीएलओ द्वारा गणना पत्रक की एक प्रति मतदाता को पावती स्वरूप प्रदान की जाएगी, जिसे मतदाता को सुरक्षित रखना होगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संबित मिश्रा ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ को सभी आवश्यक जानकारी एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध कराएं और जागरूक नागरिक एवं मतदाता होने का दायित्व निभाएं।
0

