आजमगढ़ , 9 नवंबर (आरएनएस) शहर कोतवाली क्षेत्र के कोलबाजबहादुर इलाके में शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे उस वक्त हड़कंप मच गया जब बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि पीडि़ता कुछ समझ भी नहीं पाईं और बदमाश पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गए। पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।जानकारी के अनुसार, गोकुल नगर सेक्टर-1 (कोलबाजबहादुर) निवासी 50 वर्षीय विजयी देवी पांडेय शनिवार शाम कोढिय़ा बस्ती से मोरिंगा का पत्ता लेकर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचीं, पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। बाइक चालक ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठा युवक बिना हेलमेट के था।चेन छिनते ही विजयी देवी सदमे में आ गईं और शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पीडि़ता ने शहर कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।सीसीटीवी फुटेज में बाइक और दोनों आरोपियों की तस्वीरें स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस की टीमें अलग-अलग इलाकों में दबिश दे रही हैं। हालांकि अभी तक बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

