लखनऊ,30 मई(आरएनएस)। मलिहाबाद रोड स्थित नबीपनाह क्षेत्र में शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बाइक और ईको कार के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार डेल्टा कंट्रोल के माध्यम से सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर मलिहाबाद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारम्भिक जांच में पता चला कि बाइक संख्या यूपी32आरडी0428 और ईको कार संख्या यूपी32एनटी5543 के बीच टक्कर हुई थी।
हादसे में बाइक सवार संजीत पुत्र मुन्नीलाल मौर्य निवासी बेलबिरवा, थाना माल, जनपद लखनऊ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी उम्र लगभग 19 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार युवक दुर्घटना के बाद वाहन के अगले हिस्से में फंसा हुआ था। वहीं कार चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया।स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलिहाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

