लखनऊ,30 मई(आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और सत्ता में बैठे लोगों के खिलाफ व्यापक असंतोष है। उन्होंने विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए गए और शासन केवल प्रचार तक सीमित रह गया है।अखिलेश यादव ने एक बयान में कहा कि सत्ता में बैठे लोग घमंड में चूर होकर जनहित के मुद्दों की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने झूठे मुकदमे दर्ज कराए, बुलडोजर कार्रवाई के जरिए लोगों के घर और दुकानें गिराईं तथा बिजली-पानी जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर जनता को परेशान किया। उन्होंने पत्रकारों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, शिक्षामित्रों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन वर्गों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें लगातार उपेक्षा और परेशानियों का सामना करना पड़ा।समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग पर अत्याचार बढ़ा है तथा आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में सांप्रदायिकता को बढ़ावा देने और फर्जी मुठभेड़ों के जरिए भय का माहौल बनाने का प्रयास किया गया।अखिलेश यादव ने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार अब विदा होने वाली है और प्रदेश की जनता परिवर्तन के लिए तैयार बैठी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

