० जिले में लगातार बढ़ रहा अपराध का ग्राफ
दुर्ग, 10 नवंबर (आरएनएस)। जिले में अपराधियों के हौसले दिनों-दिन बुलंद होते जा रहे हैं। बीते 10 दिनों में यह पांचवीं हत्या का मामला सामने आया है। ताजा वारदात शंकर नगर गली नंबर 3 की है, जहां देर रात करीब 1 बजे एक युवक की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक का नाम चुनचुन विश्वकर्मा बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, रात में चुनचुन विश्वकर्मा अपने घर में सो रहा था, तभी चार युवक उसके घर के बाहर पहुंचे और उसे बाहर बुलाने लगे। जब चुनचुन बाहर आया तो युवकों ने पहले गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर चुनचुन के सीने और पेट पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल चुनचुन मौके पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
चीख-पुकार सुनकर परिजन बाहर निकले, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। परिजनों ने घायल को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मरचुरी भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि पिछले दो महीनों से दुर्ग जिले में लगातार हत्या की वारदातें सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस अपराध पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। लोगों का कहना है कि रील बनाने और प्रचार में व्यस्त पुलिस अब अपराधियों के बीच से अपना खौफ खो चुकी है।
०००

