० पुलिस की कई टीमें कर रहीं तलाश
रायपुर, 10 नवंबर (आरएनएस)। राजधानी में महापुरुषों के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। इसी सिलसिले में पुलिस ने रविवार को छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और जोहार पार्टी के अध्यक्ष अमित बघेल के घर पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचते ही बघेल पिछले दरवाजे से कूदकर फरार हो गए। उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क की कोशिश भी नाकाम रही, क्योंकि फोन बंद मिला। फिलहाल रायपुर पुलिस की विशेष टीमें उनकी सक्रिय रूप से तलाश कर रही हैं, जबकि अन्य जिलों और राज्यों में भी टीमों को भेजा गया है।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने एक वीडियो बयान जारी कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अमित बघेल के खिलाफ देवेंद्रनगर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में अपराध पंजीबद्ध है, और पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत जल्द कार्रवाई करेगी।
मामले की पृष्ठभूमि 26 अक्टूबर की है, जब रायपुर के वीआईपी चौक स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा सुबह टूटी हुई अवस्था में पाई गई। इस घटना के बाद छत्तीसगढिय़ा क्रांति सेना और जोहार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और इसे राज्य की अस्मिता पर हमला करार दिया।
विवाद तब गहराया जब अमित बघेल का एक विवादित बयान सामने आया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर महाराजा अग्रसेन, भगवान झूलेलाल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। सोशल मीडिया पर बयान के वीडियो वायरल होते ही आक्रोश फैल गया और मामला राज्य की सीमाओं से बाहर जा पहुंचा।
इस बीच, प्रतिमा तोडफ़ोड़ के आरोपी मनोज कुर्रे को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर है।
फिलहाल पुलिस अमित बघेल की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। प्रशासन ने नागरिकों से सद्भाव बनाए रखने, भड़काऊ पोस्ट से बचने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
0000

