रायपुर, 10 नवंबर (आरएनएस)। धरसीवा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां अमर जवान पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रही महिला की मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतका की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही धरसीवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक का सुराग लगाया जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
००००

