रायपुर, 10 नवंबर (आरएनएस)। रविवार दोपहर धरसीवा तिवरैया मोड़ के पास एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय मनीराम वर्मा की मौत हो गई। हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ, जब सड़क किनारे सो रहे मनीराम पर एक कार चालक ने वाहन चढ़ा दिया।
मृतक की पहचान मनीराम वर्मा पिता लग्गूराम वर्मा, निवासी गोड़ही के रूप में हुई है। वह तिवरैया मोड़ के पास पान ठेला चलाते थे और दोपहर के समय वहीं आराम करने लेटे थे। तभी इंद्र कुमार पिता मंतराम, जो उसी गांव का रहने वाला है, अपनी कार (क्रमांक ष्टत्र 04-क्र्तं-8613) चलाना सीखते समय नियंत्रण खो बैठा और वाहन मनीराम पर चढ़ गया।
गंभीर रूप से घायल मनीराम को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक और कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इंद्र कुमार ने यह कार अभी हाल ही में दिवाली के समय खरीदी थी और वह इसे चलाना सीख रहा था।
०००

