प्रयागराज 10 नवंबर (आरएनएस)। भूसौली टोला स्थित दरगाह हजरत मखदूम क़ादिर शाह चिश्ती निज़ाम सफ़वी रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स-ए-पाक बड़ी अकीदत, मोहब्बत और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। इस मौके पर कुरानख़ानी, फ़ातिहा और नियाज़ का एह्तमाम किया गया, जिसमें बड़ी तादाद में जायरीन शामिल हुए।
दरगाह परिसर में मुल्क में अमन, शांति और आपसी भाईचारे के लिए ख़ास दुआ की गई। कार्यक्रम का समापन सूफिय़ाना रंग में कव्वाली की महफि़ल के साथ हुआ, जिसमें सूफी कलाम और इलाही नग़मे पेश किए गए।
मुतवल्ली व सज्जादानशीन मोहम्मद फिरोज ने दरगाह पर आए मेहमानों का ख़ुशआमदीद किया और कहा कि हजरत मखदूम क़ादिर शाह चिश्ती की तालीमात आज भी मोहब्बत, इंसानियत और अमन का पैग़ाम देती हैं।
इस मौके पर कई सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां भी मौजूद रहीं जिनमें कांग्रेस नेता इरशाद उल्ला, रियाज़ भाई, रेहान, चुन्नू भाई, दानिश, और खैरात हुसैन शामिल थे। सभी ने दरगाह पर हाजिरी देकर अमन और भाईचारे के लिए दुआ किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

