पहले दिन नहीं की कार्रवाई
प्रयागराज 10 नवंबर (आरएनएस)। शिवकुटी थाना क्षेत्र में घर में घुसकर पति-पत्नी से मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि पहले घर में घुसकर उसे व उसके पति को तीन लोगों ने पीटा। पांच दिन बाद दोबारा लौटकर आधी रात आया और बाहर खड़ी बाइक फूंक दी। इससे पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आरोप यह भी है कि पुलिस पहले कार्रवाई में टालमटोल करती रही और बाद में एफआईआर दर्ज की लेकिन शांतिभंग में चालान कर छोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रसूलाबाद में रहने वाली कामिनी जायसवाल ने बताया, उनके पति का दोस्त राहुल यादव 28 अक्टूबर की रात दो साथियों के साथ उनके घर पहुंचा। आरोप है कि वह नशे में था। उसने पति को बाहर बुलाकर मारपीट की और जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी हाथापाई की। पीडि़ता के अनुसार तीनों ने मिलकर मुझे धक्का दिया, खींचा-तानी की और पैर में चोट लगाई। मैं अब खुद को बिल्कुल सेफ महसूस नहीं कर रही हूं।
कामिनी ने बताया कि 4 नवंबर की रात करीब 2 बजे राहुल यादव फिर से उनके घर आया और उनके पति की बाइक में आग लगा दी। आग इतनी भयानक थी कि पूरा मोहल्ला जल सकता था। स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाई और किसी तरह बड़ा हादसा टल गया।
पीडि़ता की ननद आभा जायसवाल का कहना है कि जब उनकी भाभी शिकायत लेकर थाने गईं तो पुलिस मुकदमा दर्ज करने में टालमटोल करती रही। बाद में किसी तरह रिपोर्ट दर्ज की गई, लेकिन उचित धाराएं नहीं लगाई गईं। भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें चौकी बुलाकर उनके और उनकी भाभी के साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि वे मुंबई में जॉब करती हैं और घटना की सूचना मिलने पर प्रयागराज आई थीं।
परिवार ने यह भी बताया कि पीडि़ता के पति और राहुल यादव के बीच पैसों को लेकर विवाद था। आरोप लगाया कि पति ने राहुल को 5000 दिए थे, जिसमें 2000 बकाया थे। बकाया राशि मांगने पर ही राहुल ने इस वारदात को अंजाम दिया। आभा ने बताया कि आरोपी और उसके साथी खुलेआम घूम रहे हैं और धमकी दे रहे हैं।
शिवकुटी थाना प्रभारी रुकुमपाल सिंह ने बताया कि आरोपी वादिनी महिला के पति का ऑटो चलाता है और उनमें लेनदेन का विवाद है। दोनों पर पहले से आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी का शांतिभंग में चालान किया गया है। पुलिस चौकी में मारपीट के आरोप गलत हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

