रायपुर, 10 नवंबर (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के कबीर नगर क्षेत्र में सोमवार सुबह पानी से भरे गड्ढे में गिरकर दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार थाना कबीर नगर क्षेत्र में सड़क किनारे लंबे समय से कंस्ट्रक्शन काम चल रहा था। कंस्ट्रक्शन के लिए किए गए गड्ढे में बारिश के दौरान पानी भर गया था। सोमवार सुबह कुछ बच्चे वहीं खेल रहे थे, तभी दो बच्चे अचानक फिसलर पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। कुछ ही पलों में दोनों की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने जैसे ही यह घटना देखी, मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने बच्चों को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी गहरा होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतकों की पहचान सत्यम (8 साल) तथा आलोक (7 साल) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों बालक अपनी मौसी के बेटे के जन्मदिन पर वहां आये थे। और खेलते खेलते गड्ढे के पास चले गये और उसे गिर गये। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं इस हादसे के बाद घटना के विरोध में गुस्साए लोगों ने रिंग रोड नंबर-1 पर टायर जलाकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जुट गई और यातायात ठप हो गया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करने और सड़क खुलवाने में जुटे रहे।
स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि गड्ढे की शिकायत कई बार की गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लोकेश
000

