विकासनगर,10 नवंबर (आरएनएस)। विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर सोमवार को महासू धाम हनोल में देव दर्शन के लिए पहुंची। मंदिर समिति ने विश्व विजेता खिलाड़ी का स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान उनसे मिलने के लिए क्षेत्र के कई युवा और अन्य लोग पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह ऊंची उड़ान मां के आशीर्वाद से मिली है। विश्व कप विजेता महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर ने कहा कि मां ने मेरे लिए सिर्फ दरवाजे नहीं खोले, बल्कि यहां तक पहुंचने के रास्ते भी बनाए। कहा कि मेरी सफलता के पीछे मेरी मां के संघर्षों की कहानी है, जिन्होंने सीमित साधनों के बावजूद अपनी बेटी के सपनों को पूरा करने के लिए अथक मेहनत की। मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू के कासला गांव की रहने वाली रेणुका ने महासू महाराज की कृपा और शक्ति से विश्व विजेता बनने का संकल्प मिला। मेरे हर स्पैल में महासू की धरती का आशीर्वाद रहता है। उनकी सादगी और विनम्रता ने हर किसी का दिल जीत लिया। मंदिर समिति के सचिव मोहन लाल सेमवाल ने कहा कि रेणुका हमारे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा है, उसने दिखाया है कि पहाड़ की बेटियां जब ठान लेती हैं तो पूरी दुनिया झुकती है। इस दौरान पुजारी आत्मा राम डोभाल, प्रबंधक नरेन्द्र दत्त, सहायक प्रबंधक विक्रम सिंह, जयकिशन, रोशन लाल आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

