जम्मू ,10 नवंबर(आरएनएस)। सर्द मौसम में पारा गिरने के साथ ही ऊपरी पहाड़ी इलाकों में छिपे आतंकियों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है कि ठंड से बचने के लिए आतंकी अब मैदानी और निचले क्षेत्रों में ठिकाना खोजने की फिराक में हैं। इसके लिए वे अपने स्थानीय मददगारों (ओवरग्राउंड वर्कर्स) से संपर्क साध रहे हैं।
खुफिया इनपुट के बाद सुरक्षाबल पूरी तरह सतर्क हो गए हैं और आतंकियों के इन मंसूबों को ध्वस्त करने के लिए पूरे जम्मू संभाग में बड़े पैमाने पर छापे एवं तलाशी अभियान (सर्च ऑपरेशन) चलाए गए हैं।
संदिग्धों और पुराने आतंकियों के घरों की तलाशी
इस व्यापक अभियान पर जानकारी देते हुए डोडा के एसएसपी संदीप मेहता ने कहा कि आतंकवादी संगठनों के स्थानीय समर्थन नेटवर्क की पहचान करने और उसे तोडऩे के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान मारे गए आतंकवादियों, आत्मसमर्पण कर चुके आतंकियों और अन्य संदिग्धों के घरों को भी खंगाला जा रहा है।
एसएसपी मेहता ने जोर देकर कहा कि पुलिस की नजर उन संभावित स्लीपर सेल और ऑनलाइन प्रचारकों पर भी है, जो स्थानीय युवाओं को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आतंकवादी गतिविधियों में किसी भी तरह की सहायता या उन्हें बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
शांति बनाए रखने के लिए निवारक कार्रवाई : रामबन पुलिस
इसी तरह की कार्रवाई रामबन जिले में भी देखने को मिली। रामबन के एसएसपी अरुण गुप्ता ने कहा कि ये अभियान हमारी निवारक और खुफिया-आधारित कार्रवाइयों का हिस्सा हैं। इसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में हर हाल में शांति और स्थिरता बनाए रखना है।
उन्होंने बताया कि पुलिस और सुरक्षाबलों की विभिन्न टीमों ने संदिग्ध परिसरों की गहन जांच की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं कोई राष्ट्रविरोधी या अवैध गतिविधि तो नहीं चल रही है।
जनता से अपील : संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें
सुरक्षाबलों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के औचक तलाशी अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे कानून प्रवर्तन एजेंसियों का सहयोग करें और अपने क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

