महासमुंद, 11 नवम्बर (आरएनएस)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना बसना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ तस्करी का बड़ा नेटवर्क पकड़ा गया है। पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे 60 किलो गांजा जब्त किया है। इस दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त माल की अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये, जबकि ट्रक, मोबाइल आदि मिलाकर कुल जब्ती 22 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस को 10 नवंबर को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप आयशर ट्रक से महासमुंद मार्ग होते हुए उत्तर प्रदेश जा रही है। सूचना के बाद जिले की सीमाओं पर सख्त नाकाबंदी की गई। इस दौरान पलसापाली बैरियर के पास संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान ट्रक की तिरपाल के नीचे तीन बोरों में छिपाकर रखा गया 60 किलो गांजा बरामद किया गया। ट्रक में सवार दोनों आरोपियों की पहचान सद्दाम हुसैन (34) और कियामुद्दीन (26), दोनों निवासी प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश में बेचने जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। अधिकारियों ने इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।
000

