0 उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर का प्रकोप, खेतों में पहली बार नजर आया सीजन का पहला बर्फ
रायपुर, 11 नवंबर (आरएनएस)। छतीसगढ़ में अब पारा गिरने लगा है। उत्तर भारत में हो रही बर्फ बारी और वहां से आ रही ठंडी हवाओं के कारण अब प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते तीन दिनों से रायपुर समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ठंड का अहसास होने लगा है। सुबह और रात के साथ-साथ दिन में भी ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिस कारण धूप में भी गुनगुनी ठंड का अहसास किया जा रहा है। मौसम विभाग ने आज 11 नवंबर को प्रदेश के 9 जिलों में ठंड बढऩे और शीतलहर चलने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
आज इन 9 जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज 11 नवंबर को राजधानी रायपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़, चिरमिरी, भरतपुर, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में ठंड बढऩे और शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण छत्तीसगढ़ में तापमान में गिरावट हो रही है। बीते कुछ दिनों में प्रदेश के औसतन तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है।
जशपुर जिले के खेतों में बर्फ की सफेद चादर
नवंबर महीने में जाकर प्रदेश में ठंड का असर देखने को मिल रहा है। पहली बार इस मौसम में जशपुर जिले के खेतों में बर्फ की सफेद चादर देखने को मिली, आज सुबह पुआल में बर्फ की चादर बिछी नजर आ रही है। जशपुर जिले में बीती रात तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पारा लुढ़क गया था। पंडरापाठ क्षेत्र के लोगों को बर्फ जैसी सर्दी का अहसास हुआ। केवल जशपुर जिले में ही नहीं बल्कि उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। उत्तर छत्तीसगढ़ के ही अंबिकापुर में प्रदेश का सबसे कम 8.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
ऐसा रहा तापमान
बात करें मध्य छत्तीसगढ़ की तो राजधानी रायपुर की तो 14.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। समीप स्थित माना में 13.2 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 13.4, पेंड्रारोड में 10.2, जगदलपुर में 15.7 और दुर्ग में 10.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।
एसएस
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

