धमतरी, 11 नवंबर (आरएनएस)। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा शहर और राष्ट्रीय राजमार्गों पर संचालित यात्री बसों एवं अन्य सार्वजनिक वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया गया।
डीएसपी (ट्रैफिक) और ट्रैफिक इंचार्ज के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने वाहनों में लगे सुरक्षा उपकरणों की बारीकी से जांच की। इनमें फस्र्ट एड बॉक्स, फायर एक्सटिंग्विशर और इमरजेंसी एग्जिट की स्थिति की खास तौर पर जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बस संचालकों और चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि—
हर बस में कम से कम दो अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से मौजूद हों।
वाहन में ज्वलनशील पदार्थ जैसे पेट्रोल, डीज़ल, पटाखे या एलपीजी सिलेंडर का परिवहन न किया जाए। आपातकालीन द्वार हमेशा कार्यशील स्थिति में रहें और समय-समय पर उनकी जांच की जाए। वाहनों में पैनिक बटन, सुरक्षा हथौड़ी और लोहे की रॉड जैसे उपकरण अवश्य रखे जाएं, ताकि किसी आकस्मिक परिस्थिति में यात्रियों को सुरक्षित निकाला जा सके। इसके साथ ही चालकों और परिचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने, यातायात नियमों का सम्मान करने और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने के लिए जागरूक किया गया। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सभी वाहन संचालक अपने वाहनों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 100, 112 या 108 पर सूचना दें।
धमतरी यातायात पुलिस का उद्देश्य है —
सुरक्षित यात्रा, सुरक्षित जीवन सुनिश्चित करना।
0

