0 संगठन सृजन अभियान में लेन-देन के आरोपों को लेकर कांग्रेस पर भाजपा का तीखा प्रहार
0 सरकार में किया पीएससी घोटाला, अब संगठन में चल रहा पीसीसी घोटाला — ठाकुर
रायपुर, 11 नवंबर (आरएनएस)। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान पर निशाना साधते हुए कहा कि अब कांग्रेस में भ्रष्टाचार ही शिष्टाचार बन चुका है। उन्होंने तंज कसा कि कांग्रेस नेतृत्व द्वारा संगठन को दुरुस्त करने की कोशिश शुरू होते ही लेन-देन और सौदेबाजी के आरोपों ने इस अभियान की पोल खोल दी है।
ठाकुर ने कहा कि पांच साल की सत्ता में रहते हुए भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस अब संगठन स्तर पर भी उसी राह पर चल पड़ी है। सत्ता में रहते हुए जहां उसने पीएससी घोटाला किया, वहीं अब संगठन में पीसीसी घोटाला को अंजाम दिया जा रहा है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि संगठन में पदों की नियुक्तियों के लिए पांच से दस लाख रुपए तक की मांग के आरोप अब कांग्रेस के अपने कार्यकर्ता ही सार्वजनिक कर रहे हैं। इससे कांग्रेस की राजनीतिक विश्वसनीयता पूरी तरह खत्म हो चुकी है।
ठाकुर ने कटाक्ष किया कि दीपक बैज के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस दो साल से उधार की कार्यसमिति के सहारे चल रही है, और अब जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए दिल्ली की मंजूरी का इंतजार कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की रगों में भ्रष्टाचार समा गया है — लेन-देन और सौदेबाजी अब कांग्रेस की पहचान बन गई है। इसी कारण संगठन सृजन अभियान शुरू होने से पहले ही विश्वसनीयता खो चुका है और कांग्रेस के भीतर गुटबाजी एवं अविश्वास चरम पर पहुंच गया है।
0

