जगदीश यादव
कोलकाता 11 नवंबर (आरएनएस)। देश के दिल दिल्ली में हुए भीषण विस्फोट के बाद पूरे बंगाल सहित महानगर कोलकाता में हाई अलर्ट पर है। सब जगह खास कर सार्वजनिक जगहों पर चौकसी बढ़ा दी गई है। बंगाल के कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। लालबाजार पुलिस मुख्यालय ने महानगर के सभी पुलिस थानों को अलर्ट जारी कर दिया है। वरीय सूत्रों ने बताया कि, कहा गया है कि खासकर मेट्रो से सटे इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कोलकाता मेट्रो में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दूसरी ओर, सूत्रों का कहना है कि लालबाजार ने यह भी कहा है कि नाका चेकिंग और गश्त पर जोर दिया गया है। यह भी बताया गया है कि कोलकाता में प्रवेश करने और बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर निगरानी पर विशेष जोर दिया गया है। यह भी बताया गया है कि सिर्फ कोलकाता ही नहीं, बल्कि राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों और पुलिस थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है। घटना के बाद से ही मेट्रो स्टेशनों पर सघन जांच चल रही थी और ईस्टर्न रेलवे ने भी रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को तैनात किया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। ईस्टर्न रेवले हाई अलर्ट पर दिल्ली में हुए धमाके के मद्देनजऱ ईस्टर्न रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है। ईस्टर्न रेलवे के सीपीआरो ने एक बयान जारी करके बताया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) बनाई गई है, जो तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार रहेगी। वहीं ईडन को सुरक्षा के चादर में लपेटा जा रहा है। खबर है कि भारतीय टीम की सुरक्षा भी कई गुना बढ़ाई जा रही है। पता चला है कि ईडन में त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा होगा। स्टेडियम परिसर के बाहर, स्टेडियम के प्रवेश द्वार से लेकर गैलरी और दर्शकों की सीटों तक कड़ी सुरक्षा रहेगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार महत्वपूर्ण इमारतों, सरकारी कार्यालयों और घनी आबादी वाले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। खबर के लिखे जाने तक पोर्ट अंचल के कई रास्तों पर वाहनों की चेंकिंग की जा रही थी और पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई था।

