जौनपुर 11 नवंबर (आरएनएस )। सरपतहां थाना क्षेत्र के पूरासंभलशाह गांव में रामलीला मंचन के दौरान हुए उपद्रव मामले में पुलिस ने समिति के सदस्यो की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। ज्ञात हो कि विगत रात मंचन स्थल पर पहुंचे कुछ युवकों ने डांसर से विवाद के बाद जमकर तोडफ़ोड़ और मारपीट की थी।गांव के पूर्व प्रधान विजय बहादुर वर्मा के पुत्र वैभव, प्रतीक और आयुष वर्मा सहित अन्य कलाकारों को भी पीटा गया। लोगों ने आरोप लगाया कि उक्त युवक असलहा लहराते हुए मंचन स्थल पर पहुंचा और दोबारा रामलीला शुरू होने पर बमबारी करने की धमकी तक दी।घटना के बाद अगले दिन ग्रामीण बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और आरोपी युवकों के खिलाफ शिकायती तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने स्थानीय निवासी अभय सिंह उर्फ छोटू पुत्र अजय सिंह सहित आधा दर्जन अज्ञात युवकों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष का कहना है कि जांच के बाद सभी को चिन्हित कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

