बीजापुर 11 Nov, (Rns) । बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुबह 10 बजे से जारी मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने छह माओवादियों को ढेर करने में कामयाबी पाई है. सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से छह माओवादियों के शव के साथ ऑटोमैटिक हथियार इंसास, स्टेनगन, .303 रायफल सहित अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री एवं माओवादी सामग्री बरामद किया गया है.
बीजापुर जिले के नेशनल क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की जानकारी के आधार पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा एवं एसटीएफ की संयुक्त पार्टी ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया. पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि इस अभियान के दौरान आज सुबह 10 बजे से डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और एसटीएफ की सयुंक्त टीमों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग जारी है.
बस्तर रेंज पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. ने कहा कि आज के अभियान के दौरान 6 कुख्यात माओवादी कैडर मारे गए हैं, यह सुरक्षा बलों के लिए एक निर्णायक और महत्वपूर्ण बढ़त है. यह सफलता ऐसे समय में मिली है, जब माओवादी संगठन नेतृत्वविहीन, दिशाहीन और मनोबलहीन स्थिति में अपने कुछ बचे हुए ठिकानों में सिमटकर रह गया है.

