देहरादून,11 नवंबर (आरएनएस)। जल संस्थान पेंशनर वेलफेयर सोसाइटी की मंगलवार को जल भवन नेहरू कालोनी में हुई आम सभा में मैनेजमेंट के रवैये के खिलाफ विरोध जताया गया। पेंशनर्स को गोल्डन कार्ड का लाभ न मिलने पर नाराजगी जताई गई। विसंगतियों के निस्तारण की मांग की गई। आम सभा में अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि गोल्डन कार्ड का लाभ पूरी तरह नहीं मिल रहा है। दूसरी ओर चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़े प्रकरणों का भी समय पर निस्तारण नहीं हो रहा है। इसे लेकर कर्मचारी, पेंशनर्स में रोष बढ़ता जा रहा है। तत्काल विसंगतियां दूर किए जाने के साथ चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़े विषय भी निस्तारित किए जाएं। कहा कि पानी के बिलों में छूट नहीं दी जा रही है। पूरा बिल वसूला जा रहा है। महामंत्री मदन जोशी ने कहा कि जल संस्थान में महाप्रबंधक के पांच और अधीक्षण अभियंताओं के नौ पद खाली चल रहे हैं। इसका विपरीत असर विभाग पर पड़ रहा है। कामकाज प्रभावित हो रहा है। आम जनता तक परेशान है। इसके साथ ही पेयजल योजनाओं का निर्माण और संचालन का काम दूसरी संस्थाओं को दिया जा रहा है। इससे पेयजल एजेंसियां कमजोर होंगी। भविष्य में पेंशन, वेतन का संकट खड़ा होगा। पेंशनर्स ने सीजीएम डीके सिंह से तत्काल सभी मांगों को निस्तारित करने की मांग की। इस अवसर पर चंद्रपाल वर्मा, जगदीश तिवाड़ी, राकेश चावला, सुरेंद्र सिंह पंवार, दयास्वरूप राजपूत, गोविंद नारायण शर्मा, बलीराज यादव, फतेह सिंह, डालाराम, कीर्ति सिंह नेगी, कमला नवानी आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

